कड़ाके की ठंड से मरने वालों की संख्या 139, जनजीवन अस्त-व्यस्त
अन्य राज्य, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, एन सी आर, क्षेत्रीय, ताजा खबरें 10:00 am
घाटी में कड़ाके की ठंड के कारण रविवार को और दो लोगों की मौत हो गई और इसके साथ ही उत्तर भारत में ठंड से मरने वालों की संख्या 139 पहुंच गई है.
ठंड के चलते साप्ताहिक अवकाश का दिन होने के वावजूद सड़कों और बाजारों में भीड़भाड़ काफी कम रही और सर्दीली हवाओं से बचने के लिये लोगों ने घर में दुबकने में ही भलाई समझी.
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री ऊपर 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
कश्मीर घाटी में मौसम लगातार ठंडा बना हुआ है और श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया.
गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 16.5 डिग्री सेल्सियस नीचे, काजीगुंद में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया.
अधिकारियों ने बताया कि ठंड के कारण कठुआ जिले के हीरानगर और जम्मू जिले के बिश्नाह में दो लोगों की मौत हो गई.
हिमाचल प्रदेश में पूरे दिन रुक-रुक कर हिमपात होने के कारण मौसम बहुत ठंडा रहा.
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शिमला में 20 सेंटीमीटर और मनाली में 40 सेंटीमीटर हिमपात हुआ है जबकि रोहतांग दर्रा बर्फ की 170 सेंटीमीटर मोटी चादर से ढका हुआ है.
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हिमाचल प्रदेश की सीमा से लगे पंजाब में भी हिमपात हुआ.
पंजाब के ज्यादातर भागों में लोग पूरे दिन ठंड से कांपते रहे. अमृतसर में न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. लुधियाना और पटियाला में भी तापमान काफी कम रहा.
हरियाणा में सबसे कम तापमान अंबाला का रहा. वहां का न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस और करनाल का न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
उधर, उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिनों से रुक रुक कर हो रही बारिश का दौर फिलहाल थमा है मगर कोहरे और बर्फीली हवाओं से आम जनजीवन प्रभावित है.
राजधानी लखनऊ समेत राज्य के ज्यादातर जगहों पर आसमान बादलों से ढका रहा और हिमालय क्षेत्र से आ रही बर्फीली हवाओं से दिन का तापमान सामान्य से नीचे रहा.
राज्य के वाराणसी और चुर्क में हल्की बूदांबांदी से मौसम के तेवर को सख्त करने में भरपूर योगदान दिया. इस दौरान राज्य के कई इलाकों में सूरज और बादलों के बीच लुकाछिपी का खेल जारी रहा.
मौसम विभाग के अनुसार आगरा और वाराणसी के अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री नीचे रहा जबकि झांसी में यह सामान्य से छह डिग्री और चुर्क और लखनऊ में चार डिग्री कम रहा.
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटे के दौरान आसमान में बादलों का डेरा जारी रहेगा जबकि इस दौरान कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है. कोहरे की स्थिति में भी किसी विशेष रद्दोबदल की कोई उम्मीद नहीं है.

