उत्तर प्रदेश में पहले चरण के लिए मतदान कल, थमा प्रचार
उत्तर प्रदेश, क्षेत्रीय, ताजा खबरें, janadesh 9:48 am
राज्य के अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी मृत्युंजय नारायण ने बताया कि पहले चरण के चुनाव प्रचार का काम समाप्त हो गया है. इस चरण के चुनाव में प्रदेश के सीतापुर, बाराबंकी, फैजाबाद, अम्बेडकरनगर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर और बस्ती जिलों की कुल 55 विधानसभा सीटों पर कड़ी सुरक्षा के बीच आगामी आठ फरवरी को मतदान होगा.
उन्होंने बताया कि पहले चरण के चुनाव में 92 लाख 87 हजार 233 पुरुष, 77 लाख 56 हजार 551 महिला और 777 अन्य श्रेणी के मतदाताओं समेत कुल एक करोड़ 70 लाख 44 हजार 561 मतदाता 862 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे.
नारायण ने बताया कि पहले चरण में 6855 मतदान केन्द्रों को संवेदनशील माना गया है. इस दौर के चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त तरीके से सम्पन्न कराने के लिये दो लाख से ज्यादा केन्द्रीय बलों और पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है.
उन्होंने बताया कि प्रचार कार्य समाप्त होने से मतदान खत्म होने तक एक्जिट पोल या जनमत सर्वेक्षणों पर पाबंदी रहेगी.
उन्होंने बताया कि मतदान वाले जिलों की सीमाओं पर कड़ी चौकसी बरती जाएगी. मतदाताओं को धमकाने की घटनाओं को रोकने के लिये विशेष प्रबंध किये गये हैं. चुनाव वाले जिलों में कोई भी गैर मतदाता नहीं होगा. इसके लिये होटलों और अन्य स्थानों की तलाशी ली जा रही है.
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा की कमान केन्द्रीय बलों के ही हाथ में होगी और राज्य पुलिस उनका सहयोग करेगी.
उन्होंने बताया कि इस बार सेक्टर मजिस्ट्रेटों को भी सुरक्षा दी गयी है.
नारायण ने बताया कि पहले चरण के चुनाव के लिये 351 बूथों को वेब कास्टिंग के लिये चुना गया है. इन बूथों की गतिविधियों को इंटरनेट पर देखा जा सकेगा.
इस चरण में मुख्यमंत्री मायावती के करीबी सहयोगी राज्य के संसदीय कार्य एवं वित्त मंत्री लालजी वर्मा और वस्त्रोद्योग एवं रेशम उद्योग राज्यमंत्री संग्राम सिंह वर्मा, 31 विधायकों तथा 15 पूर्व मंत्रियों के साथ-साथ केन्द्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा समेत कई सांसदों के रिश्तेदारों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा.
इस चरण के चुनाव में आपराधिक छवि के कई उम्मीदवारों की किस्मत का भी फैसला होगा, जिनमें माफिया डॉन अभय सिंह और मित्रसेन यादव प्रमुख हैं.

